(News) पृथक बुंदेलखंड राज्य निर्माण के लिए सम्पूर्ण क्रांति

पृथक राज्य निर्माण के लिए राजनीतिक दलों और नेताओं का भरोसा छोड़ जनता को खुद आगे आना होगा। बुंदेलखंड एकीकृत पार्टी इसके लिए रानी लक्ष्मीबाई के जन्मदिन 19 नवंबर से वृहद जन जागरूकता अभियान चलायेगी। इसमें रैली, नुक्कड़ सभा, प्रदर्शन व चक्का जाम जैसे आयोजन किये जायेंगे। राज्य निर्माण की इस मांग को समग्र जनक्रांति के रूप में विकसित करने को जिला मुख्यालयों से गांव स्तर पर चेतना जागरण कार्यक्रम किये जायेंगे।

यह जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक संजय पाण्डेय ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए दी। उन्होंने कहा कांग्रेस और बसपा बुंदेलखंड राज्य निर्माण के नाम पर खोखली घोषणाएं कर जनता को गुमराह कर रही है। बीते सप्ताह राहुल गांधी से हुई भेंट में उन्होंने वैचारिक तौर पर इसका पुरजोर समर्थन किया। वह अपनी व्यक्तिगत हैसियत का प्रयोग करें तो पृथक राज्य बनना बहुत कठिन नहीं है। इस संबंध में कांग्रेस व बसपा की नियत पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि जनता निहित स्वार्थ की राजनीति करने वाले दलों के भरोसे रही तो पृथक राज्य का सपना साकार होना मुश्किल हो जायेगा। बुंदेलखंड एकीकृत पार्टी का एक सूत्रीय एजेंडा पृथक राज्य निर्माण का है। आंदोलन को गति देने के लिए रानी लक्ष्मीबाई के जन्मदिन 19 नवंबर से वृहद जन जागरूकता अभियान शुरू किया जा रहा है। इसमें जिला मुख्यालयों से गांव स्तर तक चेतना जागरण अभियान चला आम आदमी को इससे जोड़ने की मुहिम चलाई जायेगी। आंदोलन को धार देने के लिये नुक्कड़ सभाएं, रैलियां व प्रदर्शन करने के साथ ही चक्का जाम भी किया जायेगा।